Uttarakhand Election: पंखुड़ी पाठक को कांग्रेस ने दी नई जिम्मेदारी

Uttarakhand Election: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने 18 अगस्त 2026 को जारी कार्यालय आदेश के जरिए पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट पंखुड़ी पाठक को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। उनके साथ चार अन्य नेताओं को भी मीडिया विभाग में कोऑर्डिनेटर बनाया गया है।

नई दिल्ली/देहरादून, कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड में अगले साल यानी 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी मीडिया टीम में बड़ा फेरबदल किया है। एआईसीसी द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पंखुड़ी पाठक को नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाया गया है, जबकि प्रकाश मीणा, अरुण अग्रवाल, रितु चौधरी और आदित्य गर्ग को कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। यह आदेश 18 अगस्त 2026 को जारी किया गया था।

मीडिया समन्वयकों को मिली जिम्मेदारी

AICC के निर्देश के मुताबिक सभी पदाधिकारी उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ समन्वय बनाकर मीडिया और संचार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, चुनाव से पहले राज्य में मीडिया प्रबंधन को मजबूत करने और पार्टी का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से शुरुआत

पंखुड़ी का जन्म 1992 में नई दिल्ली में एक डॉक्टर परिवार में हुआ था। उनके पिता जेसी पाठक और मां आरती पाठक, दोनों ही डॉक्टर हैं। उनके एक छोटे भाई भी हैं, जिनका नाम चिराग पाठक है। दिसंबर 2019 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता अनिल यादव से विवाह किया था।

उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से स्नातक करने के बाद दिल्ली के लॉ फैकल्टी से कानून की डिग्री ली। छात्र जीवन में ही वे सक्रिय राजनीति में उतर गई थीं और हंसराज कॉलेज छात्र संघ चुनाव में जॉइंट सेक्रेटरी पद जीता था। इसके बाद वे समाजवादी पार्टी से जुड़ीं और अखिलेश यादव की क्रांति रथ यात्रा में भी शामिल हुईं। 2013 में उन्हें लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया और 2016 में वे सपा की प्रवक्ता बनीं।

अलीगढ़ एनकाउंटर के बाद हुआ था हमला

2018 में सपा प्रवक्ता पद से हटाए जाने के दौर में ही अलीगढ़ के अतरौली में एक पुलिस मुठभेड़ में दो युवकों की मौत हो गई थी। पीड़ित परिवारों से मिलने अतरौली पहुंचीं पंखुड़ी पाठक पर उस समय बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया था, जिसने उस समय व्यापक सुर्खियां बटोरी थीं।

समाजवादी पार्टी छोड़ कांग्रेस का दामन

पाठक पहले समाजवादी पार्टी से जुड़ी थीं और 2018 में कांग्रेस में शामिल हो गईं। वे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विंग की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। प्रियंका गांधी के करीबी नेताओं में गिनी जाने वालीं पंखुड़ी को इसका फायदा 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिला, जब कांग्रेस पार्टी ने उन्हें नोएडा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया। उसके बाद उन्हें कांग्रेस की राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की जिम्मेदारी दी गई, और अब उत्तराखंड चुनाव के लिए उन्हें नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर का पद सौंपा गया है।

यह भी पढ़ें: उच्च दाब प्राकृतिक गैस पाइपलाइनों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने जारी किए दिशा-निर्देश

यहां से शेयर करें