Kangana Ranaut vs. Naseeruddin: शाह को कहा ‘लोमड़ी’, बोलीं- ‘देश का खाकर पड़ोसी के लिए लड़ते 

Kangana Ranaut vs. Naseeruddin: नई दिल्ली। अभिनेत्री एवं भाजपा सांसद कंगना रनौत ने वरिष्ठ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह पर तीखा हमला बोला है। कंगना ने नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ कहते हुए आरोप लगाया कि वे इस देश का खाते हैं, लेकिन पड़ोसी देश के लिए लड़ते हैं। उन्होंने अभिनेता-गायक पीयूष मिश्रा के बयान का समर्थन करते हुए अपनी बात रखी।

यह विवाद हाल ही में छात्र प्रदर्शनों पर बॉलीवुड कलाकारों की चुप्पी को लेकर शुरू हुआ था। नसीरुद्दीन शाह ने उन कलाकारों की तुलना मुंह में हड्डी दबाए कुत्ते से की थी, जो भौंक नहीं सकते। उन्होंने कहा था कि जब कलाकारों की आत्मा जागेगी तभी वे बोलेंगे। इसके बाद पीयूष मिश्रा ने झारखंड में परीक्षा धांधली और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन का मुद्दा उठाया। वे रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे, जहां 16वें दिन भी प्रदर्शन जारी था। छात्रों के बीच बैठकर उन्होंने समर्थन जताया और नसीरुद्दीन शाह से सवाल किया कि अब वे चुप क्यों हैं।

कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पीयूष मिश्रा के बयान से जुड़ी रिपोर्ट शेयर की। उन्होंने लिखा कि सच तो यह है कि हर कोई किसी न किसी का कुत्ता है, लेकिन उन्हें गर्व है कि वे जिस देश का खाती हैं, उसकी रखवाली करती हैं और उसके लिए लड़ती हैं। कंगना ने आगे कहा कि आज के दौर में कुत्ता कहलाना तारीफ है क्योंकि वफादारी दुर्लभ हो गई है। वे नसीरुद्दीन शाह जैसी लोमड़ी बनने के बजाय कुत्ता बनना पसंद करेंगी। पीयूष मिश्रा ने रांची पहुंचने का कारण बताते हुए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर छात्रों के इंटरव्यू देखे थे। उनकी आंखों में दर्द और आंसू देखकर वे रुक नहीं पाए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आर्थिक मदद देने की भी बात कही और मौके पर अपनी फिल्म ‘गुलाल’ का गाना ‘आरंभ है प्रचंड’ भी गाया। यह विवाद बॉलीवुड और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। कंगना रनौत का बयान नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयान और पीयूष मिश्रा के सक्रिय रुख के बाद आया है।

यह भी पढ़ें: Tata Sons Board Crisis: क्यों दिया एन चंद्रशेखरन ने इस्तीफा? नोएल टाटा और ट्रस्ट विवाद की पूरी कहानी

यहां से शेयर करें