Mahagun Mywoods: महागुन मायवुड्स सोसाइटी में पानी की किल्लत से भड़के निवासी, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन, रास्ता जाम

Mahagun Mywoods: ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी में पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को निवासियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। सोसाइटी में लंबे समय से पानी का प्रेशर बेहद कम होने की शिकायत से परेशान बड़ी संख्या में लोग मुख्य सड़क पर आ बैठे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे रास्ता पूरी तरह जाम हो गया।

रोड जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने और यातायात सामान्य करने की अपील की, लेकिन निवासी अपनी मांगों पर अड़े रहे और प्रदर्शन जारी रखा। सोसाइटी निवासी सौरव के अनुसार, पुलिस की पहल पर बिल्डर को मौके पर बुलाया जा रहा है ताकि समस्या पर बातचीत हो सके। उन्होंने बताया कि सोसाइटी में पानी के प्रेशर की दिक्कत नई नहीं है, बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक इसका कोई स्थायी हल नहीं निकाला गया है।

निवासियों की चेतावनी

प्रदर्शनकारी निवासियों का कहना है कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए उन्हें बार-बार सड़क पर उतरना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने साफ कर दिया कि अगर जल्द ही समस्या का ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की ओर से समाधान की कोशिशें जारी हैं।

यह भी पढ़ें: Tamil Nadu NEET Bill: अगर NEET नहीं तो क्या? तमिलनाडु विधानसभा में फिर पारित हुआ नीट खत्म करने का प्रस्ताव, DMK-AIADMK सब साथ, अकेले BJP विधायक ने किया वॉकआउट

यहां से शेयर करें