Bengaluru Crime News: पत्नी से वैवाहिक विवाद के चलते पिता ने ताज होटल में गला दबाकर मार डालीं दोनों बेटियां, खुद की भी गला रेतकर की आत्महत्या की कोशिश

Bengaluru Crime News: बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास स्थित एक ताज होटल में एक पिता ने कथित तौर पर अपनी दो मासूम बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार शाम की है, जिसका खुलासा सोमवार को हुआ।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई है, जो उत्तर बेंगलुरु के नागवाड़ा इलाके का रहने वाला है और एक कैब सेवा कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम करता है। उसकी बेटियों की पहचान शेख जेहरा (5) और शेख जोया (10) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इमरान ने रविवार शाम करीब 4:30 बजे होटल में कमरा बुक कराया था, जिसका किराया करीब 26,000 रुपये प्रतिदिन बताया जा रहा है।

उत्तर-पूर्व बेंगलुरु की डीसीपी जीके मिथुन कुमार ने बताया कि होटल के सुरक्षा प्रबंधक ने पुलिस को दो बच्चियों की संदिग्ध मौत की सूचना दी थी। “आज शाम हमें ताज होटल के सुरक्षा प्रबंधक का फोन आया कि दो बच्चियों की संदिग्ध मौत हुई है। मौके पर पहुंचने पर बच्चियों के पिता पर ही हत्या करने का संदेह जताया गया। उसे गंभीर हालत में होटल सुरक्षाकर्मियों ने मणिपाल अस्पताल पहुंचाया,” डीसीपी ने बताया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमरान ने कथित तौर पर दोनों बच्चियों का गला दबाकर हत्या की। घटनास्थल से एक नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें गहरे वैवाहिक कलह का जिक्र है। डीसीपी के अनुसार, नोट में आरोपी ने लिखा है कि उसे अपनी पत्नी पर शक था और उसके पास पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने के सबूत होने का दावा भी किया गया है। पुलिस इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि होटल स्टाफ ने कमरे से चीख-पुकार की आवाजें सुनीं, जिसके बाद सुरक्षाकर्मी कमरे में दाखिल हुए और दोनों बच्चियों को बिस्तर पर मृत पाया। इमरान बाथरूम में गंभीर हालत में मिला था, जिसका गला कटा हुआ था। होटल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की अनुमति मिलते ही पुलिस उसका बयान दर्ज करेगी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर घटना की गहन जांच शुरू कर दी है, साथ ही सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Noida Crime news: दहेज के लिए नवविवाहिता की जान लेने का आरोप, नोएडा में पति समेत ससुराल पक्ष पर मुकदमा

यहां से शेयर करें