नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा: मोबाइल स्नैचिंग गैंग के 8 बदमाश गिरफ्तार, 98 मोबाइल और सैकड़ों पार्ट्स बरामद

नोएडा। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग, चोरी और लूट की वारदातों में शामिल एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर पुलिस ने 98 मोबाइल फोन, बड़ी संख्या में मोबाइल पार्ट्स, चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह चोरी और लूट के मोबाइल सस्ते दामों में खरीदकर उनके पार्ट्स निकालकर बेचने का धंधा करता था।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-63 पुलिस ने ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों कुशल और रूपेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लूट का एक मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया गया।

पूछताछ में खुला पूरे नेटवर्क का राज

गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी और लूट के मोबाइल खरीदने वाले पूरे नेटवर्क की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निजामुद्दीन, आरिफ, सोनू, छोट्टे, गुलफाम और हारुन को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से मोबाइल चोरी और स्नैचिंग के बाद उन्हें खपाने का काम कर रहा था।

98 मोबाइल, 100 डिस्प्ले और सैकड़ों पार्ट्स बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 98 मोबाइल फोन, 100 मोबाइल डिस्प्ले, 207 बैटरियां, 40 मोबाइल खोखे, 103 बैक पैनल और मोबाइल खोलने में इस्तेमाल होने वाले 10 पेचकस बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह से अब तक 300 से अधिक मोबाइल और उनके पार्ट्स बरामद किए जा चुके हैं।

जीरा बेचने और बाल खरीदने की आड़ में चल रहा था धंधा

पूछताछ में मुख्य आरोपी कुशल ने बताया कि वह रैपिडो बाइक चलाता था और अपने साथी रूपेश के साथ मिलकर राह चलते लोगों से मोबाइल स्नैचिंग करता था। वारदात के बाद दोनों चोरी और लूट के मोबाइल अपने अन्य साथियों को बेच देते थे।

वहीं अन्य गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे जीरा बेचने और बाल खरीदने का कारोबार करते हैं। इसी काम की आड़ में वे चोरी और लूट के मोबाइल महज 1,500 से 2,000 रुपये में खरीद लेते थे। बाद में मोबाइलों को खोलकर उनके डिस्प्ले, बैटरी, बैक पैनल और अन्य पार्ट्स अलग-अलग बेचते थे, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा मिलता था।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। साथ ही बरामद किए गए मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा में निर्माण कार्यों पर सख्ती: स्काईवॉक और आरसीसी नाले में इस्तेमाल स्टील की होगी जांच, रिपोर्ट तक भुगतान पर रोक

यहां से शेयर करें