अब पहला स्थान हासिल करना लक्ष्य: डीएम

Baghpat news  एचपीवी टीकाकरण अभियान में 82 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बागपत ने उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि दूसरे स्थान से संतुष्ट नहीं होना है, बल्कि अब अभियान को और गति देकर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करना लक्ष्य है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आशा कार्यकतार्ओं के साथ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा, सीएचसी बिनौली के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित कुमार तथा ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में 15,885 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 13,024 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। जिलाधिकारी ने कहा कि आशा कार्यकतार्ओं की मेहनत और जनजागरूकता अभियान की सफलता का प्रमुख आधार रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कोई भी पात्र किशोरी टीकाकरण से वंचित न रहे, क्योंकि यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में प्रभावी है। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए बागपत, बड़ौत और पिलाना ब्लॉक को कार्डियोटोकोग्राफी (सीटीजी) मशीनें भी उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तीरथ लाल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Baghpat news

यहां से शेयर करें