Brij Bhushan acquitted: बृजभूषण शरण सिंह को दिल्ली कोर्ट से बरी होने पर नोएडा में भव्य सम्मान समारोह, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने दिया आशीर्वाद; विनेश फोगाट ने कहा- अपील करेंगे

Brij Bhushan acquitted: नोएडा, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों से बरी किए जाने के एक दिन बाद मंगलवार (4 अगस्त 2026) को नोएडा के सेक्टर-14 क्लब में पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र समेत बड़ी संख्या में समर्थक, स्थानीय नेता और परिवारजन मौजूद रहे। वातावरण उत्सवपूर्ण रहा। कई जगह हवन किए गए, पटाखे और गोले दागे गए। समर्थकों का कहना था कि ऐसे मामलों में इतना बड़ा जनसमर्थन पहले कभी नहीं देखा गया।

समारोह में बोलते हुए पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि न्यायालय ने स्पष्ट कर दिया है कि बृजभूषण शरण सिंह पर लगाए गए आरोप गलत और झूठे थे। उन्होंने कहा, “इनके ऊपर लगाया हुआ आरोप गलत है, झूठा है। स्वाभाविक है कि सब लोग जो इनसे संबंधित हैं या वैचारिक दृष्टि से जुड़े हैं, इनको अपने बीच में देखना चाहते हैं। मैं बृजभूषण जी को बहुत-बहुत आशीर्वाद देता हूं कि वे निरंतर आगे बढ़ते रहें, अपने आचरण-व्यवहार से जनमानस को जोड़ते रहें और जनहित के कार्यों में लगे रहें।” कलराज मिश्र ने परिवार से अपने लंबे संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि बृजभूषण शरण सिंह की पत्नी भी पूर्व सांसद रही हैं और पूरा परिवार साहित्य, शिल्प और कुश्ती समेत कई क्षेत्रों में सक्रिय है। उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को आशीर्वाद दिया।

बृजभूषण शरण सिंह का बयान

समारोह के बाद मीडिया से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वे खुद को कभी अपराधी नहीं मानते थे और न्यायपालिका ने उन्हें बाइज्जत बरी किया है। उन्होंने याद दिलाया कि 18 जनवरी 2023 को आरोप लगने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने कहा था कि यदि एक भी आरोप सत्य पाया गया तो वे स्वतः फांसी पर लटक जाएंगे। उन्होंने कहा, “मैंने अपना स्टेटमेंट कभी नहीं बदला। तब से आज तक उसी पर कायम रहा।”

2029 के चुनाव और गोंडा से उम्मीदवारी के सवाल पर उन्होंने कहा, “अभी तो जजमेंट कल आया है। अभी घर भी नहीं गया हूं। आने वाले समय में क्या होता है, समय बताएगा। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।” नोएडा से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर उन्होंने साफ कहा, “यह चर्चा नहीं होनी चाहिए थी।”

विपक्षी दलों और जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, आम आदमी पार्टी और ममता बनर्जी समेत लगभग सभी विपक्षी दल इस साजिश में शामिल थे। “आज उनको न्यायपालिका द्वारा करारा तमाचा लगा है। अपने-अपने गिरेबां में झांककर देखें,” उन्होंने कहा। विनेश फोगाट द्वारा उच्च न्यायालय या सुप्रीम कोर्ट जाने की बात पर उन्होंने कहा, “यह उनका अधिकार है। वे हाईकोर्ट या उच्च न्यायालय जा सकती हैं।”

विनेश फोगाट और पहलवानों की प्रतिक्रिया

वहीं, ओलंपियन विनेश फोगाट ने फैसले पर गहरी निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि महिला पहलवान इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सिस्टम ने बृजभूषण शरण सिंह की रक्षा की, लेकिन संघर्ष जारी रहेगा।

मामला क्या था?

जनवरी 2023 में जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों (जिनमें विनेश फोगाट, साक्षी मलिक आदि शामिल थीं) ने WFI के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की। मामले की सुनवाई राउज एवेन्यू कोर्ट में हुई। 3 अगस्त 2026 को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी पनवार ने बृजभूषण शरण सिंह और सह-अभियुक्त विनोद तोमर को बरी कर दिया। विस्तृत जजमेंट की कॉपी अभी उपलब्ध नहीं है। समारोह में मौजूद लोगों का कहना था कि तीन साल से अधिक चले इस मामले के बाद न्याय मिलने पर खुशी जाहिर की जा रही है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि फैसला उनके हाथ में नहीं था, लेकिन ‘सत्यमेव जयते’ साबित हुआ।

यह भी पढ़ें: Massive fire at ILGIM: ग्रेटर नोएडा में चिप बनाने वाली कंपनी में लगी भीषण आग, दीवार-बीम गिरने से 2 फायरकर्मियों की मौत, 3 घायल

यहां से शेयर करें