Greater Noida dowry death case: दहेज के लिए ब्रेजा-स्कॉर्पियो की मांग में विवाहिता तन्नू की संदिग्ध मौत, शव फंदे से लटका मिला; पति-देवर-सास पर दहेज हत्या का मुकदमा

Greater Noida dowry death case: ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्धनगर)। कासना थाना क्षेत्र के घंघोला (घगोला) गांव में सोमवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव घर के ऊपर वाले कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही कासना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान तन्नू (तनु) पत्नी अमित भाटी के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद के जावली गांव, थाना टीला की रहने वाली थीं। उनकी शादी 6 दिसंबर 2020 को घंघोला गांव निवासी अमित भाटी (पुत्र स्वर्गीय जगन भाटी) से हुई थी। उसी दिन उनकी छोटी बहन तनीषा की शादी अमित के छोटे भाई सुमित भाटी से संपन्न हुई थी। दोनों बहनों के दो-दो छोटे बच्चे हैं।

मायके पक्ष का आरोप: लगातार प्रताड़ना और बढ़ती दहेज मांग

मृतका के परिजनों, खासकर पिता रविंद्र कसाना और भाई तनीश कसाना ने पुलिस को दी गई तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था, फिर भी ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। शादी के कुछ समय बाद से ही ब्रेजा कार की मांग को लेकर दोनों बहनों को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जाने लगी। मांग पूरी न होने पर अब स्कॉर्पियो कार की मांग शुरू हो गई थी और यह रोजाना बढ़ती जा रही थी। परिजनों का दावा है कि कई बार समझाने और पंचायत होने के बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। सोमवार रात झगड़े के बाद तन्नू अपने कमरे में चली गईं। छोटी बहन तनीषा और बच्चों ने रो-रोकर ससुराल वालों से मदद की गुहार लगाई कि बहन कुछ कर सकती हैं, उन्हें बचा लो, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। सुबह शव फंदे से लटका मिला। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर ससुराल पक्ष के लोग वहां से भाग गए थे। मायके पक्ष का आरोप है कि शरीर पर कई चोटों और मारपीट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है। उन्होंने दावा किया कि दहेज मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

थाने पर हंगामा, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

घटना के विरोध में मंगलवार को मायके पक्ष के बड़ी संख्या में पुरुष-महिलाएं कासना कोतवाली पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने और कार्रवाई का भरोसा देने के बाद मामला शांत हुआ। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि महिला ने गले में फंदा लगाकर जान दी है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पति अमित भाटी, देवर सुमित भाटी और सास कृष्णा के खिलाफ दहेज हत्या संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कासना कोतवाली प्रभारी पंकज शर्मा का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा फिलहाल पुलिस हर पहलू से गहन विवेचना में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई रिपोर्ट और साक्ष्यों पर निर्भर करेगी। यह घटना गौतमबुद्धनगर में दहेज संबंधित संदिग्ध मौतों की श्रृंखला में एक और कड़ी बन गई है, जिसकी जांच पूरी निष्पक्षता से की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Couple jumps into Noida Baraula drain: नोएडा के बरौला नाले में आपसी विवाद के बाद दंपति ने लगाई छलांग, राहगीरों ने रस्सी से बचाई जान

यहां से शेयर करें