ATS Pristine Society: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित ATS प्रिस्टीन सोसाइटी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फ्लैट के सर्वेंट रूम में 19 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सोनम, उम्र 19 वर्ष, पुत्री रामपाल सिंह, निवासी ग्राम बासखेड़ा, थाना अटरिया, जिला सीतापुर के रूप में हुई है। वह पिछले एक साल से फ्लैट मालिक प्रशांत सिंह और उनकी पत्नी के साथ सर्वेंट रूम में रहकर घरेलू सहायिका का काम कर रही थी। सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस तक पहुंची और करीब 7:30 बजे टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि रविवार रात किसी समय युवती ने अपने कमरे में फांसी लगाई, हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।घटना के बाद मृतका के परिजन भी सीतापुर से ग्रेटर नोएडा पहुंच गए हैं। पुलिस फ्लैट मालिक, उनकी पत्नी और सोसाइटी के अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

