Noida fire tragedy: नोएडा। नोएडा के सैक्टर-19 में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मकान नंबर A-682 की ऊपरी मंजिल पर लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट-सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। घटना 19 जुलाई 2026 को दिन में करीब 11 बजे की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और फिर आस-पास के अन्य कमरों तक भी फैलने लगी।
आग लगने की जानकारी मिलते ही पड़ोस में रहने वाले श्री के. वी. सिंह ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत सैक्टर-19 आरडब्ल्यूए के महासचिव श्री लक्ष्मी नारायण को सूचित किया और आस-पास के अन्य निवासियों को भी मौके पर बुलाया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए आरडब्ल्यूए महासचिव और एक अन्य निवासी ने बिना देर किए सैक्टर-2 स्थित फायर स्टेशन को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और कुछ ही समय में मौके पर पहुंचकर दमकलकर्मियों ने मुस्तैदी से आग पर काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को और फैलने से रोका जा सका।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय निवासियों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और फायर ब्रिगेड की सजगता व त्वरित कार्रवाई ने बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। आरडब्ल्यूए महासचिव लक्ष्मी नारायण ने इस मौके पर निवासियों की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते सूचना नहीं दी जाती तो नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था।
यह भी पढ़ें: Opposition walks out of all-party meeting: TMC बागियों को अलग सीट मिलने पर भड़का विपक्ष, INDIA गठबंधन के सांसदों ने किया वॉकआउट

