Gujarat: नई दिल्ली। गुजरात के सूरत शहर के वराछा इलाके में शुगर मार्केट के पास गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। ज्वेलरी फैक्ट्री के ETP (Effluent Treatment Plant) टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Gujarat:
सफाई के दौरान टैंक में उतरे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, वराछा स्थित शुगर मार्केट के पास एक ज्वेलरी फैक्ट्री में ETP टैंक की सफाई का काम चल रहा था। इस दौरान एक सुपरवाइजर समेत चार मजदूर टैंक के अंदर उतरे थे। टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण कुछ ही मिनटों में चारों मजदूर बेहोश हो गए और अंदर ही फंस गए।
स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10:22 बजे फायर विभाग को सूचना दी कि टैंक में लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। लेकिन जब टीम अंदर पहुंची तो चारों मजदूर बेहोश हालत में मिले।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
फायर टीम ने सभी मजदूरों को बाहर निकालकर तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से SMIMER अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में शोक का माहौल छा गया।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी की आशंका
डिविजनल फायर ऑफिसर खाडिया रंजीतसिंह ने बताया कि यह घटना ‘रति ज्वैलर्स’ नामक औद्योगिक इकाई में हुई है, जहां गहनों की सफाई और वेस्ट मटेरियल का ट्रीटमेंट किया जाता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों का उपयोग नहीं किया गया था।
फायर विभाग को पहले सिर्फ एक व्यक्ति के फंसे होने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि चार लोग अंदर बेहोश पड़े हैं।
पुलिस जांच जारी
डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन में लापरवाही सामने आई है। फिलहाल इस मामले में दुर्घटनावश मौत का केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
Gujarat:

