पुलिस मुठभेड़ के बाद मर्डर केस का फरार आरोपी गिरफ्तार

New Delhi news उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की वेलकम थाना टीम ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर लगातार फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सेमी-आॅटोमैटिक पिस्तौल, जिंदा कारतूस, खाली खोखे और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 5 जून की रात करीब 9:30 बजे थाना वेलकम को सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी रिहान झील पार्क क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर एसएचओ इंस्पेक्टर रूपेश खत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पार्क में घेराबंदी कर जाल बिछाया। रात करीब 11 बजे मुखबिर की निशानदेही पर पुलिस ने संदिग्ध युवक की पहचान रिहान के रूप में की और उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी पार्क के अंदर भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी द्वारा चलाई गई पहली गोली हेड कांस्टेबल हरेंद्र को बाल-बाल चूक गई। चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दूसरी गोली भी चलाई। इसके बाद हेड कांस्टेबल हरेंद्र ने अपनी सर्विस पिस्तौल से चेतावनी स्वरूप हवाई फायर किया, लेकिन आरोपी नहीं रुका और तीसरी गोली चला दी, जो हेड कांस्टेबल हरेंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चलाई गई गोली आरोपी रिहान के दाहिने पैर में लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया और उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल पहुंचाया।
मौके पर पहुंची अपराध एवं फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक सेमी-आॅटोमैटिक पिस्तौल, मैगजीन में रखा एक जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
मृतक के भाई अमानुल्लाह से था आरोपी का पुराना विवाद
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वेलकम थाने में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि मृतक के भाई अमानुल्लाह के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी रिहान पहले भी लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े छह आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस अब हत्या के मामले तथा आरोपी के अन्य आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है।

New Delhi news

 

यहां से शेयर करें