फर्जी सरकारी वेबसाइट बनाकर देशभर में साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार

New Delhi news केंद्रीय जिले की साइबर पुलिस ने सरकारी वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट बनाकर देशभर में लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक तकनीकी रूप से दक्ष आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय अंशुल यादव निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, आरोपी एमसीए की पढ़ाई की है और वेबसाइट डिजाइनिंग तथा बैकएंड प्रबंधन में विशेषज्ञता रखता है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने वाहन नंबर प्लेट बुकिंग के लिए इंटरनेट पर सर्च किया था, जहां उसे
“परिवहन आॅनलाइन” नामक वेबसाइट मिली। वेबसाइट सरकारी परिवहन सेवा पोर्टल जैसी दिखाई दे रही थी, जिस पर भरोसा कर शिकायतकर्ता ने 1099 रुपये का आॅनलाइन भुगतान कर दिया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से अतिरिक्त पैसों की मांग की जाने लगी, जिससे उसे ठगी का संदेह हुआ और उसने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
मामले में साइबर थाना केंद्रीय जिले में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, वित्तीय लेनदेन, डोमेन विवरण, आईपी लॉग और डिजिटल निगरानी के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
आरोपी अपने पास रखता था वेबसाइटों का एडमिन एक्सेस और पासवर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कई फर्जी वेबसाइट तैयार करता था, जो सरकारी और व्यावसायिक पोर्टल जैसी दिखाई देती थीं। आरोपी वेबसाइटों का एडमिन एक्सेस, पासवर्ड और बैकएंड नियंत्रण अपने पास रखता था तथा अन्य साइबर अपराधियों को भी ऐसी वेबसाइट उपलब्ध कराता था।
आरोपी के कब्जे से दो लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, फर्जी वेबसाइट की फाइलें, लॉगिन क्रेडेंशियल और कई डोमेन संबंधी डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम कई बैंक खातों के जरिए आरोपी तक पहुंचाई जाती थी।

New Delhi news

यहां से शेयर करें