Greater Noida: शादी से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी समेत चार पर मुकदमा

Greater Noida News: सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई, जब शादी समारोह से घर लौट रहे 35 वर्षीय युवक साजन की पड़ोसी मंगेश और उसके साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। साकीपुर गांव निवासी साजन मंगलवार रात करीब 12:30 बजे दोस्तों के साथ शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी मंगेश ने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर साजन को रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर मंगेश ने साजन पर तीन गोलियां दाग दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपित फरार हो गए। घायल साजन को परिजनों ने तत्काल कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार का बयान

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के समय आरोपित नशे में थे और पुरानी रंजिश के चलते विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपित मंगेश, वीर सिंह, श्रीपाल समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा में दोपहिया वाहन चोरों के गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने 2 शातिरों को दबोचा, 12 बाइक और चाकू बरामद

यहां से शेयर करें