Speed becomes a disaster in Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। दादरी थाना क्षेत्र के रूपवास गांव के पास सुबह करीब 7:30 बजे दो स्कूल बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें 12 से अधिक बच्चे घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घायल बच्चे जीजस मैरी स्कूल के छात्र हैं, जो अपनी बस से स्कूल जा रहे थे। टक्कर मारने वाली बस रामयज्ञ स्कूल की बताई जा रही है। स्कूल बस में 25 बच्चे सवार थे। बस दादरी से ग्रेटर नोएडा स्थित जीजस मैरी स्कूल जा रही थी।
घायलों का हाल
हादसे में 8 बच्चे घायल हो गए और ड्राइवर को भी गंभीर चोट आई है। बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार कुछ बच्चों के सिर में चोटें हैं और एक चालक की हालत नाजुक बनी हुई है।
एक चालक फरार, जांच शुरू
हादसे के बाद रामयज्ञ स्कूल बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घायल बच्चों के परिजन अस्पताल में बदहवास पहुंचे। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल वाहनों की नियमित जांच हो और लापरवाह चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

