स्पेशल स्टाफ और एएटीएस ने ब्लाइंड मर्डर केस का भंडाफोड़ कर तीन आरोपी पकड़े

New Delhi news  कमला मार्केट थाना पुलिस, स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की संयुक्त टीम ने वीरवार को एक ब्लाइंड मर्डर केस का महज 48 घंटे में भंडाफोड़ करते हुए तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लूटपाट का विरोध करने पर एक टीएसआर चालक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक आॅटो, मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।
सेंट्रल जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 5 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 5:31 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि मिंटो रोड स्थित शिवाजी पार्क बस स्टैंड के पास एक घायल व्यक्ति पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो युवक खून से लहूलुहान था। पुलिस ने एक व्यक्ति को गंभीर हालत में एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में मृतक के शरीर पर गर्दन और सीने पर कई गहरे घाव मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों की पहचान की। पुलिस जांच में पता चला कि पांच लोग निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से टीएसआर में बैठे थे और बाद में उनकी लोकेशन पलवल तक ट्रेस हुई। पुलिस टीम ने पलवल रेलवे स्टेशन और गांव लिक्खी के पास करीब 12 घंटे तक जाल बिछाकर दो आरोपियों योगेश और योगेश उर्फ रॉकी को पकड़ लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटा गया टीएसआर और मोबाइल फोन बरामद कर लिया। आरोपियों की पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी सोमेश को भी सराय काले खां बस अड्डे से पकड़ लिया गया।
आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए रात में पलवल से दिल्ली आकर रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के आसपास लूटपाट करते थे। वारदात के बाद ट्रेन से वापस पलवल लौट जाते थे। आरोपियों ने बताया कि 4-5 अप्रैल की रात हमने निजामुद्दीन से टीएसआर किराए पर लिया और कनॉट प्लेस जाने का बहाना किया। रास्ते में चालक से मोबाइल लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने चालक पर चाकू से कई वार कर दिए और उसे मिंटो ब्रिज के पास फेंककर फरार हो गए।

New Delhi news

यहां से शेयर करें