नोएडा। नोएडा विधायक पंकज सिंह ने आज किसानों की लंबित मांगों, फ्लैट बायर्स की रजिस्ट्री समस्याओं तथा अन्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विकास विषयों को लेकर अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IDC) दीपक कुमार और नोएडा प्राधिकरण के सीईओ (CEO) कृष्णा करुणेश से फोन पर विस्तृत चर्चा की। विधायक पंकज सिंह ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों से अनुरोध किया कि कल होने वाली बोर्ड बैठक एवं आगामी बैठकों में इन सभी विषयों पर सकारात्मक और ठोस निर्णय लिए जाएं, ताकि नोएडावासियों को उनकी समस्याओं से जल्द राहत मिल सके।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने विधायक पंकज सिंह को आश्वस्त किया कि कल की बोर्ड बैठक सहित आगामी बैठकों में इन महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर एजेंडे में रखा जाएगा और ठोस समाधान निकाला जाएगा। उल्लेखनीय है कि नोएडा क्षेत्र में किसानों की मुआवजे व अन्य लंबित मांगें और फ्लैट खरीदारों की रजिस्ट्री से संबंधित समस्याएं लंबे समय से अनसुलझी हैं। विधायक पंकज सिंह लगातार इन मुद्दों को उच्च स्तर पर उठाते रहे हैं।

