ईएमटी डे पर गौतमबुद्ध नगर में एंबुलेंस स्टाफ का हुआ सम्मान, नोडल अधिकारी ने दिया प्रशस्ति पत्र

गौतमबुद्ध नगर। जिले में 108 और 102 एंबुलेंस सेवा से जुड़े समर्पित कर्मचारियों ने 2 अप्रैल 2026 को ईएमटी डे (Emergency Medical Technician Day) बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवा देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मान

कार्यक्रम में एंबुलेंस सेवा के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ जैस लाल ने विशेष रूप से उपस्थित होकर ईएमटी राहुल कुमार, प्रसन्न कुमार, कृष्णा कुमार और शुभम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निरंतर अच्छा कार्य करते रहने का आशीर्वाद दिया और उनके समर्पण की सराहना की।

इस अवसर पर एंबुलेंस प्रभारी सत्यवीर सिंह, बिलाल अहमद, प्रोग्राम मैनेजर शेखर और रीजनल मैनेजर नेहाल रजा भी मौजूद रहे। रीजनल मैनेजर नेहाल रजा ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि एंबुलेंस सेवा हर जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

मिठाई खिलाकर मनाई खुशी

कार्यक्रम के दौरान सभी स्टाफ सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस विशेष दिन की खुशी साझा की। यह आयोजन टीम भावना और आपसी सौहार्द का प्रतीक बना।

24 घंटे, 7 दिन सेवा में तत्पर

उल्लेखनीय है कि 108 और 102 एंबुलेंस सेवा जनमानस के हित में चौबीसों घंटे, सातों दिन बिना रुके कार्यरत रहती है। आपात स्थिति में यह सेवा आमजन के लिए जीवनरक्षक की भूमिका निभाती है। जिले के ईएमटी कर्मचारी अपनी निष्ठा और सेवाभाव से इस जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: ऑनलाइन डेटिंग एप से ब्लैकमेल कर लूट करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार, ज्वैलरी व नगद बरामद

यहां से शेयर करें