नोएडा। सोमवार को हुई बारिश ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर के मौसम का मिजाज पलट दिया। सुबह तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में बादल घिर आए और शाम चार बजे से शुरू हुई बारिश ने पूरे नोएडा शहर को भिगो दिया। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में मौसम और करवट लेने के संकेत दिए हैं।
8 अप्रैल तक रहेगा बारिश का दौर
मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में तापमान बढ़ने के बाद अब मौसम तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी तंत्रों के प्रभाव के चलते 30 मार्च से लेकर 8 अप्रैल तक रुक-रुककर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि दिन के समय गर्मी का एहसास बना रहेगा, लेकिन शाम ढलते ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। रात के समय ठंडक और नमी बढ़ेगी। इसके अलावा आने वाले कुछ दिनों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है।
AQI में आई राहत, नोएडा येलो जोन में
बारिश का एक सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला है। सोमवार को नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई ऑरेंज जोन से निकलकर येलो जोन में आ गया और 182 दर्ज किया गया, जो पिछले कुछ दिनों की तुलना में बेहतर स्थिति है। हालांकि ग्रेटर नोएडा अभी भी ऑरेंज जोन में बना हुआ है, जहां एक्यूआई 246 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता में और सुधार देखने को मिल सकता है।
किसानों और आम नागरिकों के लिए सावधानी जरूरी
मौसम विशेषज्ञों ने आम नागरिकों को सलाह दी है कि अगले कुछ दिनों तक घर से निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें। वहीं किसानों के लिए यह मौसम चिंता का कारण बन सकता है, क्योंकि इस समय कई फसलें कटाई के करीब हैं और ओलावृष्टि की आशंका उनके लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। तेज हवाओं और गरज-चमक को देखते हुए बिजली विभाग को भी अलर्ट रहने की जरूरत है, ताकि आंधी-बारिश में बिजली आपूर्ति बाधित न हो। मौसम विभाग के अनुसार 8 अप्रैल के बाद मौसम एक बार फिर साफ होने और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसके बाद गर्मी का असली दौर शुरू हो सकता है।

