Ghaziabad double murder: गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के बुद्ध बाजार मोहल्ले में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज डबल मर्डर की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। पति राशिद ने अपनी पत्नी शबनम (36) और अपने दोस्त फहीम (32) को अवैध संबंधों के शक में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी राशिद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीन टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:40 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि बुद्ध बाजार में झगड़ा हुआ है और दो लोग घायल हैं। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो राशिद के घर में शबनम और फहीम के शव पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीनों लोग साथ बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान राशिद को अपनी पत्नी शबनम और दोस्त फहीम के बीच अवैध संबंध होने का शक हुआ। गुस्से में आकर राशिद ने अवैध हथियार से दोनों पर गोलियां चला दीं। दोनों मौके पर ही मौत हो गई।
डीसीपी रूरल सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। शवों का पंचनामा पूरा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी राशिद की धरपकड़ के लिए तीन अलग-अलग टीमें बनाई हैं। अभी तक आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। यह घटना स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: ‘विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली’: CM ने पेश किया ₹1,03,700 करोड़ का ‘ग्रीन बजट’

