गैस घोटाला:डीएम की सख्ती के बाद खुला फर्जी डिलीवरी का खेल, जांच में स्टॉक और रिकॉर्ड में मिला भारी अंतर

Ghaziabad news  मोदीनगर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अनियमितताओं का रविवार को एक बड़ा मामला सामने आया है।
डीएम रविन्द्र कुमार मांदड के आदेश पर की गई जांच में धीरेन्द्र गैस सर्विस, जो कि मोदी मंदिर के सामने स्थित है, के खिलाफ गंभीर गड़बड़िया पाई गईं। 20 मार्च 2026 को ग्राम फफराना निवासी सचिन चौधरी, पुत्र धर्मवीर सिंह (एडवोकेट) ने जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि धीरेन्द्र गैस सर्विस द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है और उपभोक्ताओं को नियमानुसार आपूर्ति नहीं दी जा रही। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तहसीलदार मोदीनगर को जांच के निर्देश दिए। इसके बाद राजस्व विभाग, आपूर्ति विभाग और बीपीसीएल (भारत पेट्रोलियम कॉपोर्रेशन लिमिटेड) के बिक्री अधिकारी की संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने रविवार को मौके पर पहुंचकर एजेंसी के गोदाम और रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, वे चौंकाने वाले थे। टीम ने पाया कि एजेंसी के स्टॉक में 14.2 किलोग्राम के 99 घरेलू गैस सिलेंडर कम थे। जब स्टॉक का मिलान स्टॉक रजिस्टर से किया गया, तो यह स्पष्ट हुआ कि रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर है। इतना ही नहीं, 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडरों और अन्य सिलेंडरों का स्टॉक रजिस्टर भी अद्यावधिक नहीं पाया गया, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। जांच के समय मौके पर मौजूद कई उपभोक्ताओं ने भी गंभीर आरोप लगाए।
बिना सिलेंडर मिले ही आ गया डिलीवरी मैसेज
उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने गैस सिलेंडर बुक कराया था और उनके मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भी प्राप्त हो गया, लेकिन उन्हें वास्तव में सिलेंडर नहीं मिला।
शिकायतकर्तां आवेश, हिमांशु त्यागी, अरुणा, नसीम और निखिल कुमार शर्मा जैसे कई उपभोक्ताओं ने अपने बयान दर्ज कराए, जिससे एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए। बताया गया कि धीरेन्द्र गैस सर्विस के खिलाफ पहले भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जिम्मेदार अधिकारियों ने एजेंसी के प्रबंधन और प्रोपराइटर को कई बार उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। शिकायतों के लगातार बढ़ते जाने और समाधान न होने के कारण प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। स्टॉक में कमी, रिकॉर्ड में गड़बड़ी और उपभोक्ताओं को समय पर गैस न मिलना अत्यंत गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि जिले में गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां कहीं भी अनियमितताएं पाई जाएंगी, वहां कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गैंस आपूति की समस्या पर तत्काल विभाग को सूचित करने की अपील
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि उन्हें गैस आपूर्ति की समस्या पर तत्काल जिम्मेदार विभाग को सूचित करने की अपील की है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Ghaziabad news

यहां से शेयर करें