जायदाद के लालच में ‘कसाई’ बना कलयुगी बेटा: कुल्हाड़ी से काटकर माता-पिता, दादी और बहन की निर्मम हत्या

जायदाद के लालच में ‘कसाई’ बना कलयुगी बेटा: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ रुपईडीहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बसन्तपुर रूदल (मजरा रामगांव) में संपत्ति के विवाद को लेकर एक युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार कर अपने ही माता-पिता, वृद्ध दादी और सगी बहन को मौत के घाट उतार दिया। इस हमले में आरोपी का बड़ा भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

देर रात चीख-पुकार से दहला गांव

पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना रविवार रात करीब 12 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपी निरंकार का अपने पिता बदलू राम (60) से जमीन की बिक्री और गहनों से मिली रकम को लेकर विवाद चल रहा था।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि आरोपी के बड़े भाई गुरुदेव द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, रविवार रात निरंकार इसी बात को लेकर अपने पिता से झगड़ रहा था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि निरंकार ने आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली।

एक-एक कर सबको उतारा मौत के घाट

आवेश में आकर निरंकार ने सबसे पहले अपने पिता बदलू राम पर हमला किया। जब मां संजू देवी (56), दादी सिताला देवी (80) और बहन पार्वती (38) बीच-बचाव करने आईं, तो उसने उन पर भी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। कुल्हाड़ी के वार इतने घातक थे कि चारों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

भाई पर भी किया जानलेवा हमला

चीख-पुकार सुनकर जब बड़ा भाई गुरुदेव अपने कमरे से बाहर आया, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। कुल्हाड़ी गुरुदेव के सिर पर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गुरुदेव के बेटे आजाद ने जब यह मंजर देखा तो उसने शोर मचाना शुरू किया। ग्रामीण जब तक मौके पर इकट्ठा होते, तब तक आरोपी ने खुद को बचाने के लिए एक नई साजिश रची।

खुद को घायल कर दी पुलिस को चकमा देने की कोशिश

भीड़ को अपनी ओर आता देख आरोपी निरंकार ने अपने ही सिर पर ईंट से कई बार प्रहार किए, जिससे वह खुद भी घायल हो गया। माना जा रहा है कि उसने यह कदम खुद को ‘पीड़ित’ दिखाने या पुलिस को गुमराह करने के लिए उठाया।

पुलिस की कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल गुरुदेव का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

“संपत्ति के विवाद में चार लोगों की हत्या की गई है। आरोपी ने खुद को भी चोट पहुंचाई है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।” —

यह भी पढ़ें: Major changes in journalism after the Modi government: टीवी चैनल छोड़ यूट्यूब पर मजबूर क्यों हो रहे पत्रकार? एनडीटीवी और एनडीटीवी इंडिया का खास मामला

यहां से शेयर करें