पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने पुलिस अश्वारोही ड्यूटी मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की माउंटेड टीम ने मध्य प्रदेश के टेकनपुर में 44वीं अखिल भारतीय पुलिस अश्वारोही ड्यूटी मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। टीम ने कुल आठ घोड़ों (माउंट्स) के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया और विभिन्न श्रेणियों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने बताया कि प्रतियोगिता में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल राकेश कुमार कसाना ने माउंट आकाश पर मीडियम शो जंपिंग ग्रेड-3 में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने शो जंपिंग ग्रेड-3 में रजत पदक भी हासिल किया। माउंट जैस्पर पर मैन्टल हैजर्ड प्रतियोगिता में 37 प्रतिभागियों के बीच चौथा स्थान प्राप्त किया।
कांस्टेबल हेम चंदर डागर ने माउंट तारा पर नोविस शो जंपिंग में रजत पदक और नोविस टॉप स्कोर शो जंपिंग में कांस्य पदक जीता।
वहीं हेड कांस्टेबल संदीप खटाना ने माउंट अर्जुन पर नोविस टॉप स्कोर शो जंपिंग में रजत पदक हासिल किया।
विशेष उपलब्धि के रूप में माउंट आकाश ने कुल 345 घोड़ों में से सर्वश्रेष्ठ घोड़े की श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर दिल्ली पुलिस का गौरव बढ़ाया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि दिल्ली माउंटेड टीम का यह प्रदर्शन उनके कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और पेशेवर दक्षता का परिचायक है।
राज्य पुलिस बलों की अश्वारोही टीमों ने प्रतियोगिता में लिया था भाग
पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस बलों की अश्वारोही टीमों ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों में घुड़सवारी की परंपरा को मजबूत करना, संचालनात्मक दक्षता बढ़ाना और कई बलों के बीच समन्वय व सहयोग को बढ़ावा देना था।

 

New Delhi news

यहां से शेयर करें