82.15 किमी का पूरा हाई-स्पीड कॉरिडोर जनता के लिए खुला
Meerut Metro: नई दिल्ली/मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के शेष हिस्सों और मेरठ मेट्रो का औपचारिक उद्घाटन कर दिया। इसके साथ ही 82.15 किमी लंबा पूरा हाई-स्पीड कॉरिडोर जनता के लिए शुरू हो गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में 70 किमी एलिवेटेड तथा 12 किमी भूमिगत मार्ग शामिल है, जिसकी कुल लागत लगभग 30,274 करोड़ रुपये है।
शताब्दी नगर स्टेशन से दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ के शताब्दी नगर स्थित नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री स्वयं मेट्रो में सवार हुए और मेरठ साउथ एक्स स्टेशन तक यात्रा की।
छात्रों व अधिकारियों से की बातचीत
मेट्रो यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने छात्रों से संवाद किया और उनके अनुभव, पढ़ाई तथा भविष्य की तैयारियों पर चर्चा की। वहीं स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों से भी उन्होंने परियोजना के संचालन, सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत की।

Meerut Metro:
मेरठ में पहली बार मेट्रो सेवा शुरू
मेरठ में मेट्रो का संचालन पहली बार शुरू हुआ है। करीब 23 किमी लंबे रूट पर चलने वाली मेट्रो के किराए की घोषणा जल्द की जाएगी। पीएम के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की और दिल्ली रोड पर यातायात मार्ग में बदलाव किए। रैली स्थल के पास पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई।
82 किमी का सफर अब सिर्फ 55 मिनट में
नमो भारत ट्रेन अब मेरठ मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक चलेगी। 82 किमी की इस यात्रा के लिए यात्रियों को लगभग 213 रुपये खर्च करने होंगे। ट्रेन की अधिकतम संचालन गति से यात्रा समय घटकर 55 मिनट रह गया है।


सीएम योगी ने किया पीएम मोदी का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ के शताब्दी नगर स्थित हेलीपैड पर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन से भी उद्घाटन से पहले की तस्वीरें सामने आईं, जहां 5 किमी (सराय काले खां–न्यू अशोक नगर) और 21 किमी (मेरठ साउथ–मोदीपुरम) हिस्सों के शुरू होने की तैयारी थी।
पश्चिमी यूपी की तस्वीर बदलने की उम्मीद
नमो भारत सेवा शुरू होने से मेरठ और दिल्ली के बीच यात्रा पहले से तेज, सुविधाजनक और सुरक्षित होगी। इससे नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और छात्रों को सीधे लाभ मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उद्योग, व्यापार और रियल एस्टेट को नई गति मिलेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए करीब 5000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, तथा सभी व्यवस्थाएँ पूरी तरह सुनिश्चित की गई हैं।
Meerut Metro:
नमो भारत ट्रेन की मुख्य विशेषताएँ
- हर डिब्बे में 2×2 आड़ी सीटें, आरामदायक यात्रा के लिए ग्रैब हैंडल।
- ओवरहेड लगेज रैक, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग सॉकेट उपलब्ध।
- बड़ी, सुरक्षित डबल-ग्लेज़्ड टेम्पर्ड ग्लास खिड़कियाँ।
- पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, डिस्प्ले बोर्ड, डायनामिक रूट मैप और इंफोटेनमेंट स्क्रीन।
- इमरजेंसी कम्युनिकेशन सिस्टम, सीसीटीवी, फायर–स्मोक डिटेक्टर और अग्निशामक यंत्र।
- हर स्टेशन पर सभी दरवाज़े खोलने की आवश्यकता नहीं—पुश बटन से जरूरत के हिसाब से खुलेंगे।
- हर ट्रेन में एक प्रीमियम कोच।
- महिलाओं के लिए एक कोच आरक्षित।
नमो भारत कॉरिडोर की मुख्य विशेषताएँ
- कुल लागत: 30,274 करोड़ रुपये
- कुल लंबाई:15 किमी
- 70 किमी एलिवेटेड, 12 किमी अंडरग्राउंड
- 2 मेंटेनेंस डिपो: दुहाई और मोदीपुरम
- 55 किमी सेक्शन चालू (न्यू अशोक नगर–मेरठ साउथ)
मेरठ मेट्रो की विशेषताएँ
- 120 किमी/घंटा अधिकतम ऑपरेशनल स्पीड — देश की सबसे तेज़ मेट्रो।
- 23 किमी रूट में 13 स्टेशन।
- चार साझा स्टेशन: मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल, मोदीपुरम।
- नमो भारत के समान ट्रैक और इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालित—तेज़ इंटरचेंज सुविधा।
स्टेशन और ऊर्जा संबंधी विशेषताएँ
- साहिबाबाद और गुलधर स्टेशन को IGBC की नेट ज़ीरो एनर्जी रेटिंग।
- परियोजना में सोलर पावर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग (30% ऊर्जा बचत)।
- 110 MW का सोलर प्लांट स्थापित।
- रियल-टाइम एंटरप्राइज एसेट मैनेजमेंट सिस्टम लागू—सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित।Meerut Metro:

