India AI Impact Summit 2026: बिल गेट्स नहीं होंगे भारत AI इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल, एपस्टीन फाइल्स विवाद के बीच नाम हटाया गया

India AI Impact Summit 2026: माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और गेट्स फाउंडेशन के प्रमुख बिल गेट्स भारत के महत्वाकांक्षी AI इम्पैक्ट समिट 2026 में शामिल नहीं होंगे। कई विश्वसनीय सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका नाम समिट के आधिकारिक अतिथि सूची और स्पीकर्स लिस्ट से हटा दिया गया है। यह फैसला हाल ही में जारी हुई जेफरी एपस्टीन से जुड़ी नई दस्तावेजों में गेट्स का नाम आने के बाद सोशल मीडिया पर चले व्यापक विरोध के बीच लिया गया ऐसा माना जा रहा है।

समिट से नाम हटने की पुष्टि
भारत AI इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा है। पहले गेट्स का नाम प्रमुख वैश्विक हस्तियों की सूची में शामिल था, जिसमें सैम ऑल्टमैन, सुंदर पिचाई, डेमिस हसाबिस जैसे नाम थे।लेकिन आज सुबह से उनकी अनुपस्थिति की खबरें प्रमुख मीडिया हाउस जैसे ने दीं है। सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि उनकी भागीदारी की समीक्षा की गई और उन्हें शामिल नहीं करने का फैसला लिया गया। समिट की आधिकारिक वेबसाइट पर अब “ग्लोबल विजनरीज” सेक्शन में गेट्स का नाम नहीं दिख रहा है। कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यह कदम सोशल मीडिया बैकलैश से जोड़ कर देखा जा रहा है।

एपस्टीन फाइल्स का नया विवाद
फरवरी 2026 की शुरुआत में अमेरिकी न्याय विभाग ने जेफरी एपस्टीन (2019 में जेल में मृत) से जुड़े लाखों नए दस्तावेज जारी किए। इनमें बिल गेट्स का नाम कई जगह आया है, जिसमें कुछ गंभीर आरोप शामिल हैं। एपस्टीन ने कथित तौर पर दावा किया था कि उसने गेट्स को कुछ दवाएं उपलब्ध कराई थीं। गेट्स ने इन सभी आरोपों को “पूर्ण रूप से झूठा और बेतुका” बताकर खारिज किया है।
मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने भी हालिया इंटरव्यू में कहा कि उनके पूर्व पति को एपस्टीन से संबंधों पर बाकी सवालों के जवाब देने चाहिए। यह मुद्दा उनके तलाक का एक कारण भी बताया गया था।

भारत यात्रा पर भी सवाल
गेट्स 16 फरवरी को भारत पहुंचे थे। आंध्र प्रदेश के अमरावती में मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और मंत्री नारा लोकेश ने उनका स्वागत किया। स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और टेक्नोलॉजी पर चर्चा हुई, जो राज्य के “स्वर्ण आंध्र 2047” विजन से जुड़ी थी।
हालांकि इस स्वागत पर भी सोशल मीडिया और कुछ राजनीतिक नेताओं ने तीखी आलोचना की गई। कई यूजर्स ने गेट्स पर “भारत को प्रयोगशाला बनाने” का आरोप लगाया और एपस्टीन कनेक्शन का हवाला देते हुए विरोध भी जताया।

समिट जारी, अन्य बड़े नाम मौजूद
AI इम्पैक्ट समिट का दूसरा दिन आज चल रहा है। 45 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि, ग्लोबल टेक सीईओ और स्टार्टअप्स हिस्सा ले रहे हैं। मुख्य फोकस AI के सामाजिक-आर्थिक प्रभाव, डेटा सिक्योरिटी और ग्लोबल साउथ की भूमिका पर है। गेट्स की अनुपस्थिति के बावजूद समिट सुर्खियों में बना हुआ है, लेकिन यह घटना भारत में एपस्टीन फाइल्स के राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव को रेखांकित करती है।

यह भी पढ़ें: Big News : अब सेक्टर-61 से सीधे ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक दौड़ेगी मेट्रो, चार नए स्टेशन – एयरपोर्ट कनेक्टिविटी भी मिलेगी!

यहां से शेयर करें