ईशान किशन और हार्दिक पांड्या के तूफानी अर्धशतक, इरेस्मस के चार विकेट भी नहीं बचा सके टीम को
India’s T20 World Cup: नई दिल्ली। अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए टी20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रन से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। यह रनों के अंतर से टी20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2012 में इंग्लैंड को 90 रन से हराया था। साथ ही भारतीय टीम टी20 विश्व कप में लगातार 10 मैच जीतने वाली पहली टीम बन गई है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में नामीबिया की पूरी टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई।
India’s T20 World Cup:
लगातार दूसरी जीत, अंक तालिका में शीर्ष पर भारत
मौजूदा टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को हराया था। इस जीत के साथ भारत ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर खिसक गया है। अब सभी की निगाहें 15 फरवरी (रविवार) को भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं।
ईशान किशन की विस्फोटक पारी
भारतीय पारी की नींव ईशान किशन ने रखी। उन्होंने महज 24 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली। किशन ने 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जिसमें पांच छक्के और छह चौके शामिल रहे। नामीबिया के गेंदबाजों की जरा सी चूक पर किशन ने गेंद को स्टैंड्स के पार पहुंचाया और टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
India’s T20 World Cup:
सैमसन और सूर्या नहीं खेल सके बड़ी पारी
संजू सैमसन ने 8 गेंदों में 22 रन बनाते हुए तीन शानदार छक्के जड़े, लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच सके और काउ कॉर्नर पर कैच आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 गेंदों में 12 रन बनाकर बर्नार्ड शोल्ट्ज़ की गेंद पर स्टंप आउट हो गए। तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान दिया, पर इरेस्मस की विविधताओं के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके।
इरेस्मस की घातक गेंदबाजी
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरेस्मस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट झटके। उन्होंने ऑफ ब्रेक, राउंड आर्म और छोटी लंबाई की गेंदों का मिश्रण कर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया और बीच के ओवरों में रनगति पर कुछ हद तक अंकुश लगाया।
हार्दिक पांड्या का दमदार फिनिश
पारी के अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 52 रन बनाए। उनकी पारी में चार छक्के और चार चौके शामिल रहे। शिवम दुबे ने 16 गेंदों में 23 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों के बीच 6.3 ओवर में 81 रन की साझेदारी हुई, जिसने भारत को 200 के पार पहुंचा दिया। 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 116 रन पर ढेर हो गई। भारत की इस शानदार जीत से टीम का मनोबल ऊंचा है और अब सबकी नजरें पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले पर टिकी हैं।
India’s T20 World Cup:

