Rajpal Yadav in Tihar Jail: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव एक बार फिर कानूनी पेंच में फंस गए हैं। 2018 के चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से राहत न मिलने पर उन्होंने हाल ही में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।
यह मामला फिल्म प्रोडक्शन के लिए लिए गए लोन से जुड़ा है। राजपाल ने अपनी फिल्म कंपनी के लिए करीब 5 करोड़ का लोन लिया था, जिसके रीपेमेंट में चेक बाउंस हो गया। ब्याज सहित रकम अब बढ़कर काफी ज़्यादा हो गई है। कोर्ट ने अंतिम राहत याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद एक्टर को 6 महीने की सजा काटनी पड़ रही है। सरेंडर से पहले राजपाल ने भावुक बयान दिया था। उन्होंने कहा, “मेरे पास पैसे नहीं हैं… कोई दोस्त नहीं जो मदद करे।” इस बयान ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी।
सोनू सूद का सपोर्ट
इस मुश्किल घड़ी में एक्टर सोनू सूद आगे आए। उन्होंने X पर पोस्ट शेयर कर राजपाल को अपनी आने वाली फिल्म में रोल ऑफर किया। सोनू ने लिखा, “राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं जिन्होंने वर्षों तक हमारे उद्योग को अविस्मरणीय योगदान दिया है। कभी-कभी जीवन अन्यायपूर्ण हो जाता है, प्रतिभा की वजह से नहीं, बल्कि समय के क्रूर होने की वजह से। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे, और मेरा मानना है कि यह हम सभी के लिए – निर्माताओं, निर्देशकों, सहकर्मियों – के लिए एकजुट होने का क्षण है। भविष्य के कार्यों के बदले समायोजित की जाने वाली एक छोटी सी साइनिंग राशि दान नहीं, बल्कि सम्मान है। जब हमारे अपने किसी व्यक्ति को कठिन दौर से गुजरना पड़ता है, तो उद्योग को उसे यह याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है।”
सोनू की इस पोस्ट को हजारों लाइक्स और रीट्वीट्स मिले। कई यूजर्स ने बॉलीवुड से अन्य कलाकारों से भी मदद की अपील की। फिलहाल राजपाल जेल में हैं, और इंडस्ट्री में उनके सपोर्ट में आवाजें उठ रही हैं। आने वाले दिनों में केस पर आगे अपडेट आने की उम्मीद है।

