नोएडा । सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा के स्कूल आॅफ आईटी द्वारा छात्रों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सी-डैक के साइबर सिक्योरिटी इंजीनियर शुभम त्रिपाठी ने बतौर मुख्य वक्ता अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को उभरते साइबर खतरों, डेटा सुरक्षा, आॅनलाइन सेफ्टी तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए आईएमएस की डीन प्रोफेसर (डॉ.) नीलम सक्सेना ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा केवल एक तकनीकी विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक छात्र की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञानवर्धन के साथ-साथ सुरक्षित, सतर्क और नैतिक तरीके से किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
संस्थान के महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि डिजिटल तकनीक के तेजी से विस्तार के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता समय की मांग बन गई है। छात्रों को संभावित खतरों से अवगत रहते हुए जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की आवश्यकता है। मुख्य वक्ता शुभम त्रिपाठी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी डिजिटल दुनिया का सक्रिय हिस्सा हैं, ऐसे में अपनी आॅनलाइन पहचान और डेटा की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि केवल सिस्टम का उपयोग जानना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी सुरक्षा संरचना को समझना भी उतना ही जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) अजय गुप्ता एवं उप विभागाध्यक्ष डॉ. अनीता पति मिश्रा ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

