रबूपुरा । प्रॉपर्टी डीलर ने मेहंदीपुर गांव की एक जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे चार लाख 65 हजार रुपये में बेच दिया, जबकि यह जमीन बताए गए पते पर नहीं थी। पीड़ित खरीदार ने न्यायालय के माध्यम से आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। देहरादून निवासी नीरज गर्ग ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया कि उन्होंने सन 2009 में जमीन खरीदने की योजना बनाई थी। इसी दौरान वह अपने दोस्त के माध्यम से गाजियाबाद निवासी कुसुम आर्य और सत्य भूषण आर्य के संपर्क में आए। दोनों ने कुछ स्थानीय लोगों के जरिए मेहंदीपुर गांव में एक जमीन दिखाई। बाद में उस जमीन की रजिस्ट्री कराकर चार लाख 65 हजार रुपये ले लिए।
कुछ दिन बाद पीड़ित ने जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की तो डीलर उसे टरकाते रहे। पीड़ित के अनुसार जो पता बताकर जमीन का सौदा किया गया, वह वास्तविकता में था ही नहीं। इस पर नीरज ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे धमकाया और दुर्व्यवहार किया। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश पारित किए। रबूपुरा थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नोएडा: सेक्टर 122 में चलती होंडा सिटी बनी आग का गोला, दमकल ने पाया काबू

