क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में दो और आरोपी गिरफ्तार

नामी ब्रांड के नकली जूते बनाने वाला गिरोह पकड़ा
New Delhi news  दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नामी कंपनियों के नकली जूते बनाने और बेचने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने यमुनापार के सोनिया विहार, नांगलोई और मंडोली एक्सटेंशन में चल रही तीन अवैध यूनिटों पर कार्रवाई कर मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार सोनिया विहार के अम्बे एन्क्लेव, चौहान पट्टी में चल रही मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के मालिक संदीप सिंह को पहले गिरफ्तार किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि वह ब्रांडेड कंपनियों के नकली जूते तैयार कर बाजार में सप्लाई करता था। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
संदीप की निशानदेही पर नांगलोई से इदु अंसारी उर्फ राजू को पकड़ा गया, जो नकली ब्रांड लोगो की डाई डिजाइन कर तैयार करता था। पूछताछ में मंडोली एक्सटेंशन में चल रही असेंबलिंग यूनिट का खुलासा हुआ, जहां से सुंदर नगरी निवासी पिंटू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
भारी मात्रा में सामग्री बरामद
पुलिस ने मौके से नाइकी, एडिडास, स्केचर्स और न्यू बैलेंस ब्रांड के सैकड़ों जोड़ी नकली जूते, हजारों सोल, अपर, इनसोल, स्टिकर सहित पेस्टिंग मशीन, कंप्रेसर, हीटर मशीनें और अधूरे जूते जब्त किए हैं।
आरोपियों की भूमिका
पुलिस के अनुसार, इदु अंसारी एक ग्राफिक डिजाइनर है और पहली बार इस मामले में गिरफ्तार हुआ है, जबकि पिंटू एक जूते की दुकान की आड़ में नकली जूतों की असेंबलिंग यूनिट चला रहा था। दोनों आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। क्राइम ब्रांच ने सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कॉपीराइट अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें