ईरान-इस्राइल तनाव के बीच एटा के 19 लोग खाड़ी देशों में फंसे, परिजनों की बढ़ी चिंता

Iran-Israel-tensions

America-Israel-Iran: एटा। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव तथा हमलों की स्थिति के चलते खाड़ी देशों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस बीच एटा जिले के करीब 19 लोग खाड़ी देशों और इस्राइल में फंसे हुए हैं। इनमें ज्यादातर नौकरीपेशा लोग हैं, जबकि कुछ विद्यार्थी भी शामिल हैं। वहां लगातार हो रही बमबारी और ड्रोन हमलों से लोग दहशत में हैं, वहीं एटा में उनके परिजन भी बेहद चिंतित हैं।

America-Israel-Iran:

स्थानीय प्रशासन ने इस मामले की जानकारी राहत आयुक्त कार्यालय लखनऊ को भेज दी है। वहां से विदेश मंत्रालय को एटा के लोगों की सूची भी प्रेषित कर दी गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी मदद की जा सके।

एटा के बनगांव निवासी नरेंद्र पाल की बेटी सोनल राजपूत इस्राइल में पढ़ाई कर रही हैं। मौजूदा हालात को लेकर परिवार बेहद चिंतित है। वहीं कासगंज रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास रहने वाले नमन सक्सेना सऊदी अरब में हैं। लगातार मिल रही धमकियों और तनावपूर्ण माहौल के कारण उनके परिवार की चिंता बढ़ गई है।

कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव अहमदाबाद निवासी आलोक सोलंकी यूएई में रह रहे हैं। वहीं अलीगंज के मंगदपुर खरसुलिया निवासी राजपाल सिंह दुबई में नौकरी कर रहे हैं। अलीगंज के कथगांव अकबरपुर लाल सहाय निवासी संदीप कुमार, अनुराग सिंह तथा उनकी बेटी पूजा और आरोही भी यूएई में फंसे हुए हैं। बाबसा निवासी सौरभ सिंह चौहान भी दुबई में हैं।

सकीट क्षेत्र के सकतपुर गांव के दो भाई सिकंदर और जोगेंद्र सिंह दुबई में नौकरी करते हैं और मौजूदा हालात में डर के साये में रह रहे हैं। मारहरा के फरीदपुर निवासी प्रदीप कुमार सऊदी अरब में हैं। वहीं कमसान निवासी प्रियंका उपाध्याय, उनकी पत्नी विजय लक्ष्मी और उनकी बेटियां हृदा व प्राशा उपाध्याय के साथ दलेलपुर के अमित वर्मा भी दुबई में रह रहे हैं।

परिजनों के अनुसार वहां कई बार मिसाइलें ऊपर से गुजरती दिखाई देती हैं और धमाकों की आवाज से बच्चे सहम जाते हैं। लोग ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। युद्ध की स्थिति के कारण खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढ़ गए हैं। हालांकि हाल के दिनों में विस्फोट पहले की तुलना में कुछ कम हुए हैं, लेकिन हालात कब सामान्य होंगे यह कहना मुश्किल है।

America-Israel-Iran:

यहां से शेयर करें