आॅनलाइन हथियार दिखाने वालों पर चला दिल्ली पुलिस का आॅपरेशन शस्त्र
New Delhi news सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दबदबा बनाने और अपराधी छवि गढ़ने की बढ़ती प्रवृत्ति पर लगाम कसते हुए दिल्ली पुलिस ने ‘आॅपरेशन शस्त्र’ के तहत बड़ी और असरदार कार्रवाई की है। यह विशेष अभियान आॅनलाइन हथियार महिमामंडन और उससे जुड़ी उभरती आपराधिक डिजिटल संस्कृति को तोड़ने के उद्देश्य से चलाया गया।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के नेतृत्व में शुरू किए गए इस तकनीक-आधारित और खुफिया सूचना पर आधारित अभियान में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक रूप से डाले गए ऐसे वीडियो, रील्स और पोस्ट की कानूनी निगरानी की गई, जिनमें आग्नेयास्त्रों और धारदार हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा था।
अभियान की खास बात यह रही कि दिल्ली पुलिस ने केवल सख्त कार्रवाई तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि युवाओं की काउंसलिंग, अभिभावकों से संवाद और जागरूकता को भी इसका अहम हिस्सा बनाया। कई मामलों में यह सामने आया कि युवा केवल सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और त्वरित पहचान पाने के लिए ऐसे खतरनाक कंटेंट पोस्ट कर रहे थे।
“तीन स्तंभों पर आधारित रही रणनीति”
-आॅपरेशन शस्त्र को डिटरेंस (भय), डिसरप्शन (विघटन) और डायरेक्शन (सकारात्मक मार्गदर्शन) की रणनीति पर अमल करते हुए संचालित किया गया।
-गैरकानूनी हथियार रखने और दिखाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई
-हिंसा को बढ़ावा देने वाले डिजिटल समूहों और ट्रेंड्स को तोड़ना
– युवाओं को जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार की दिशा में मार्गदर्शन
“नजर आया ठोस और प्रभावी परिणाम”
अभियान में दिल्ली पुलिस की 500 से अधिक विशेष टीमों ने 6000 से ज्यादा सोशल मीडिया प्रोफाइल का विश्लेषण किया। जबकि 61 एफआईआर दर्ज, 67 वयस्क गिरफ्तार, 15 विधि से संघर्षरत किशोरों को संरक्षण में लिया गया, 69 अवैध हथियार और 93 कारतूस,13 चाकू जब्त किए गए।
क्या कहते हैं पुलिस आयुक्त
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने कहा कि ‘आॅपरेशन शस्त्र’आधुनिक पुलिसिंग का उदाहरण है, जहां तकनीक, कानून और समाज तीनों साथ मिलकर काम करते हैं। हमारा लक्ष्य अपराध पर सख्ती के साथ युवाओं को सही दिशा देना भी है।
सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें और हथियार या हिंसा से जुड़े कंटेंट से दूर रहें। किसी भी संदिग्ध आॅनलाइन गतिविधि की सूचना 112 पर दी जा सकती है।
New Delhi news

