New Delhi news बाल सुरक्षा जागरूकता माह के तहत दिल्ली पुलिस की पीएमएमसी इकाई ने सोमवार को हरि नगर स्थित एमसीएल सरस्वती बाल मंदिर में ‘वी केयर’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। करीब दो घंटे चले इस कार्यक्रम का शुभारंभ पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने किया।
कार्यक्रम की शुरूआत दिल्ली पुलिस आॅर्केस्ट्रा बैंड की संगीतमय प्रस्तुति से हुई, जिसे विद्यार्थियों ने खूब सराहा। इसके बाद एसपीयूडब्ल्यूएसी टीम ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन करते हुए छात्र-छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के आसान और प्रभावी तरीके बताए।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा पर जागरूकता सत्र आयोजित किया और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार की जानकारी दी। वहीं साइबर थाना के अधिकारी ने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर अपराधों और आॅनलाइन ठगी से बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पुलिस की स्वाट टीम ने अपने विशेष सामरिक वाहन और आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों का प्रदर्शन किया। जनसंपर्क शाखा के जन संपर्क वाहन के माध्यम से बाल सुरक्षा और साइबर धोखाधड़ी से बचाव संबंधी जागरूकता वीडियो भी दिखाए गए।
विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में व्यक्तिगत सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में दिल्ली पुलिस की भूमिका से उन्हें परिचित कराना था।


New Delhi news

