क्राइम न्यूज़: सोते समय पिता की कुल्हाड़ी से हत्या, पत्नी ने नहीं लिया शव, भाई ने दिया अंतिम दाह

क्राइम न्यूज़: नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 16 वर्षीय किशोर अमृत शर्मा ने सोते समय अपने पिता राजू शर्मा (45) की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इसके कुछ घंटों बाद वह सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा, जहां उसने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। इस मामले ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

कैसे हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच अमृत ने अपने पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण राजू शर्मा की मौत हो गई। घटना के बाद अमृत ने खून से सने कपड़े बदले, बैग तैयार किया, कमरे को बाहर से ताला लगाया और पिता का मोबाइल फोन लेकर घर से निकल गया। इसके बाद वह सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा, जहां सुबह के वक्त उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मौके से मिली एक कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़ों को फोरेंसिक टीम ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।

मूल रूप से झारखंड के रहने वाले थे पिता-पुत्र

मृतक राजू शर्मा मूल रूप से झारखंड के बोकारो स्टील सिटी के रहने वाले थे और नोएडा में ट्यूशन पढ़ाकर आजीविका चलाते थे। पहले परिवार सेक्टर-73 की एक सोसायटी में रहता था, जहां पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद की बातें सामने आई थीं। पड़ोसियों और मकान मालिक के अनुसार राजू का स्वभाव बेहद सख्त था। वह बेटे को घर से बाहर नहीं निकलने देते थे और ट्यूशन पढ़ाने जाते समय घर को बाहर से लॉक कर देते थे, जिससे अमृत घंटों घर में अकेला बंद रहता था।

माता-पिता वर्षों से अलग रह रहे थे

पुलिस जांच में सामने आया है कि अमृत के माता-पिता कई वर्षों से अलग रह रहे थे। राजू शर्मा और उनकी पत्नी के बीच अलगाव के बाद पिता-पुत्र दोनों साथ रहते थे। पढ़ाई छुड़ाए जाने और लगातार पाबंदियों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि इसी तनाव और मानसिक दबाव के चलते किशोर ने यह कदम उठाया। राजू के सख्त और अलग-थलग स्वभाव के कारण रिश्तेदारों से भी उनका ज्यादा संपर्क नहीं था।

पत्नी ने नहीं लिया पति का शव, भाई ने कराया अंतिम संस्कार

घटना के बाद पुलिस ने बेटे अमृत का शव उसकी मां को सौंप दिया, लेकिन पोस्टमार्टम के बाद पति राजू शर्मा का शव लेने के लिए पत्नी नहीं पहुंची। पुलिस ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कोई कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के भाई अरुण शर्मा को बुलाकर शव सौंपा, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने अरुण शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस जांच जारी

थाना फेस-3 पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

यह भी पढ़ें: Dankaur Encounter: सवारी बनाकर बंधक बनाने वाले 2 बदमाश गोली लगने से घायल, 2 बंधक मुक्त

यहां से शेयर करें