मौसम खराब, घर-घर दस्तक दे रहे प्रत्याशी

जय हिन्द संवाद
गाजियाबाद। कल आए मौसम में अचानक बदलाव से हालांकि गाजियाबाद और साहिबाबाद विधानसभाओं के प्रत्याशियों के हौंसले थोड़े से पस्त हुए लेकिन इसके बावजूद इन सभी ने घर-घर जाकर दस्तक देने और वोट मांगने का सिलसिला जारी रखा।
गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेन्द्र गोयल ने अपना जनसंपर्क अभियान शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया।
इसके बाद वे अपने समर्थकों के साथ अपने चुनाव कार्यालय से पैदल चल पड़े और घंटाघर, सब्जी मण्डी, रमतेराम रोड़, नयागंज, डासना गेट, सराय तथा चौपला होते हुए पुन:  वापस अपने कार्यालय आ गए।
इस दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि राहुल गांधी की मिशन 2012 को पूरा करने के लिए यह जरूरी है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाई जाए।
दूसरी ओर गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र से बसपा के उम्मीदवार सुरेश बंसल के लिए प्रताप विहार में एक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया जिसमें प्रमुख रूप से पार्टी के सांसद सुरेन्द्र नागर रहे। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि गुर्जर समाज का नारा है सुरेश बंसल हमारा है।
सांसद नागर ने इस मौके पर कहा कि बसपा ने जितना सम्मान गुर्जर समाज को दिया है उतना और किसी  ने भी अभी तक नहीं दिया है। इसके चलते हमारे समाज की जिम्मेदारी बनती है कि एक बार फिर हम सब मिलकर प्रदेश में बसपा की सरकार बनाएं।
बसपा प्रत्याशी सुरेश बंसल ने इस दौरान कहा कि वे वैश्य जाति में जरूर पैदा हुए हैं लेकिन उनका लालन-पालन गुर्जर माताओं की गोद में ही हुआ है।
गाजियाबाद विधानसभा से हाल में ही घोषित किए गए सपा प्रत्याशी पवन शर्मा का शहर में पंजाबी और ब्राह्मïण समाज द्वारा संयुक्त रूप से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो यह जिम्मेदारी दी है उसका निर्वाह वे जनता की सेवा करके करेंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सपा को मजबूत बनाने के लिए उन्हें अपना मत प्रदान करें ताकि वे विधानसभा में पहुंचकर यहां की जनता की समस्याओं का निराकरण कराने में अपनी भागीदारी निभा सकें।
इधर साहिबाबाद में सपा के प्रत्याशी प्रह्लाद शर्मा ने खोड़ा, पप्पू कालोनी, कौशाम्बी में जनसंपर्क के दौरान कहा कि राज्य में समाजवादी पार्टी को ही विजयी बनाकर लोकतंत्र को मजबूत किया जा सकता है।
जबकि कांग्रेस-रालोद प्रत्याशी सतीश त्यागी ने महाबीर पार्क के पास अपने चुनाव कार्यालय का हवन करके उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यहां के मतदाताओं ने जिस विधायक को पिछली बार विजयी बनाया था उसने पूरे पांच साल यहां के लोगों की कोई सुध नहीं ली। यही रवैया यहां के सांसद का भी रहा है। अब आवश्यकता इस बात की है कि यहां के मतदाता उनकी उपेक्षाओं का जमकर जवाब दें और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएं।
ठीक इसके विपरीत भाजपा प्रत्याशी सुनील  शर्मा ने सूर्यनगर, बृज विहार और चन्द्रनगर आदि क्षेत्रों में कल जनसंपर्क किया। इस अवसर पर उन्होंने घर-घर जाकर वोट मांगें। उन्होंने इस दौरान लोगों से यही कहा कि भारतीय जनता पार्टी भय, भूख और भ्रष्टïाचार मिटाने के लिए संकल्पबद्घ है। पार्टी का प्रयास है कि प्रदेश में पूरी तरह से सुशासन हो ताकि आम लोगों की समस्याओं का निराकरण सरलतापूर्वक किया जा सके।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने अभी तक यहां की जनता की हित के लिए कोई कार्य नहीं किया है बल्कि सिर्फ सूबे की मुखिया अपनी और हाथियों की मूर्तियां लगाने में ही रही हैं।
इसी बीच मोदीनगर की सपा प्रत्याशी सुदेश शर्मा ने क्षेत्र में जनसंपर्क किया और इस अवसर पर कहा कि अब जनता प्रदेश में बदलाव चाहती है जबकि मुरादनगर के प्रत्याशी सुरेन्द्र मुन्नी ने नुक्कड़ सभाएं करके लोगों से वोट मांगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <strike> <strong>

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)